Saturday, December 12, 2015

नए साल में कई छुट्टियों का मजा होगा किरकिरा

यूपी में त्योहारों व महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथियों पर होने वाली छुट्टियों की तादाद भले ही बढ़ गई हो, लेकिन अगले साल 2016 में कुछ अहम छुट्टियां रविवार को पड़ रही हैं। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को कई छुट्टियों से वंचित होना पड़ेगा।
प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश का कलेंडर जारी कर दिया। इसके मुताबिक रविवार को कुल 8 व शनिवार को 4 अवकाश पड़ रहे हैं। जिन सरकारी कार्यालयों में पांच दिन का कार्यदिवस है, वहां शनिवार व रविवार को पहले से अवकाश रहता है। वहां के कर्मचारियों को दूसरी छुट्टियां का लाभ नहीं मिल पाएगा। कुल सार्वजनिक अवकाश की तादाद 40 हो गई। इसी साल सरकार ने सात नई छुटिटयों का ऐलान किया। छठ पर्व पर घोषित अवकाश अगले साल रविवार को पड़ेगा।

कई छुट्टियां जोड़कर मिलेगा लाभ 

सरकारी कर्मचारियों के लिए ऐसे कई मौके रहेंगे जब वह कई छुट्टी एक साथ ले सकता है। खास तौर पर पांच दिवसीय कार्यालय वाले कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। मसलन गणतंत्र दिवस से पहले 25 जनवरी को अवकाश लेने पर शनिवार, रविवार के साथ चार छुट्टी का मजा लिया जा सकता है। इसी तरह 7 मार्च सोमवार को पड़नी वाली महाशिवरात्रि पर्व का अवकाश शनिवार व रविवार के साथ लिया जा सकता है। गुडफ्राइडे का 25 मार्च का अवकाश आगे के शनिवार व रविवार के साथ तीन दिन लगातार छुट्टी का मौका  देगा। स्वतंत्रता दिवस का अवकाश सोमवार को है। शनिवार व रविवार का अवकाश मनाने वाले कर्मचारियों को तीन दिन छुट्टी मिलेगी तो शनिवार को काम करने वाले कर्मचारी इस दिन छुटटी लेकर तीन दिन का मजा ले सकते हैं। वल्लभ भाई पटेल व आचार्य नरेंद्र देव जयंती पर सरकारी दफ्तर 31 अक्टूबर सोमवार को बंद रहेंगे। इससे शनिवार व रविवार के अवकाश मिलाकर तीन दिन छुट्टी मनाई जा सकती है। शनिवार व रविवार का अवकाश के बाद महानवमी 10 अक्टूबर सोमवार को व दशहरा 11 अक्टूबर मंगलवार को पड़ेगा।
इन पर्वों पर पहले से रहेगी छुट्टी
रविवार..
कर्पूरी ठाकुर जयंती (24 जनवरी), 
चंद्रशेखर जयंती (17 अप्रैल), 
परशुराम जयंती (8 मई) 
गांधी जयंती (2 अक्टूबर)
महर्षि बाल्मीकि जयंती (16 अक्टूबर)
दीपावली (30 अक्टूबर)
छठ पूजा (6 नवंबर)
क्रिसमस (25 दिसंबर)  
शनिवार 
बुद्ध पूर्णिमा 21 मई, 
चेटी चंद 8 अप्रैल, 
विश्वकर्मा पूजा 17 सितंबर 
अग्रसेन जयंती 1 अक्टूबर