Tuesday, January 14, 2014

कल तक बंद रहेंगे कक्षा आठ तक के स्कूल

Tue, 14 Jan 2014 09:15 PM (IST)
आजमगढ़ : जूनियर हाईस्कूल तक के सभी स्तर के विद्यालय 15 व 16 जनवरी को बंद रहेंगे। यह फैसला मौसम को देखते हुए लिया गया है। इस अवधि में अगर प्राइमरी से लेकर जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालय खुले पाए गए तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी श्रीमती नीना शर्मा ने बताया कि आदेश निजी विद्यालयों के साथ सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। इस आदेश की अवहेलना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम के इस निर्णय की जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने मंगलवार को दी। बता दें कि पिछले वर्ष 10 जनवरी को मौसम पूरी तरह से सामान्य हो गया था। उसे ध्यान में रख इस बार पहले 10 जनवरी तक विद्यालय बंद करने की घोषणा की गई थी, लेकिन उसके बाद 14 जनवरी तक विद्यालय बंद करने का निर्देश जारी किया गया। इस दिन भी मौसम सामान्य नहीं दिखा और कंपकंपी बनी रही। प्रशासन ने मौसम की क्रूरता को महसूस किया और उसके बाद 16 जनवरी तक जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों को बंद करने का निर्देश जारी किया।