Wednesday, April 29, 2015

बेसिक स्कूलों के बच्चों का भी होगा आधार
केंद्र की पहल
कैंप लगाकर बनाए जाएंगे कार्ड, 30 तक देनी है छात्र-छात्राओं की सूची


बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की पहचान अब आधार कार्ड के जरिये होगी। केंद्र के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सारे स्कूलों में कैंप लगाएंगे। इसमें 6-14 आयु वर्ग के सभी बच्चों के कार्ड बनाए जाएंगे।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव वृंदा सरूप ने राज्य सरकार को पत्र जारी कर बच्चों के आधार कार्ड बनवाने का निर्देश दिया है। साथ ही इसका कड़ाई से पालन कराने को कहा है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) दिनेश बाबू शर्मा ने बताया कि बेसिक शिक्षाधिकारियों को जिले में संचालित परिषदीय, अनुदानित, गैर अनुदानित और मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची 30 अप्रैल तक उप महानिदेशक भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
शिक्षा निदेशक ने बताया कि जिले स्तर पर बीएसए और ब्लाक स्तर पर एबीएसए इसके नोडल अधिकारी होंगे। उन्होंने निर्देशित किया है कि इसकी कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कदम उठाएं, ताकि शैक्षिक सत्र 2015-16 में सारे बच्चों को आधार कार्ड से लैस किया जा सके।


साभार अमरउजाला