Sunday, February 1, 2015

अब तीन साल में करें बीएड व एमएड

वाराणसी (एसएनबी)। बीएड व एमएड करने वाले छात्र अब मात्र तीन साल में ही बीएड व एमएड की पढ़ाई पूरी कर सकते है। सत्र 2016-17 से छात्रों को यह सुविधा मिल जायेगी। यह जानकारी राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के अध्यक्ष प्रो.संतोष पांडा ने विद्यापीठ के शिक्षा शास्त्र विभाग के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि तीन साल बीएड व एमएड पाठय़क्रम से छात्रों को बहुत राहत मिलेगी। पीजी में अध्ययन करने के बाद ही तीन साल में बीएड व एमएड करने की सुविधा मिलेगी। जिन संस्थानों को अपने यहां पर तीन साल का पाठय़क्रम चलाना है वह मान्यता के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्हीं कालेजों को ही मान्यता मिलेगी, जिनके यहां पर पांच साल से शिक्षा शास्त्र विभाग कार्यरत है। अगले सत्र से बीएड व एमएड का पाठय़क्रम दो-दो साल का हो जायेगा। उन्होंने कहा कि बीएड के दो साल के पाठय़क्रम में भावी शिक्षकों को किसी स्कूल में जाकर चार माह तक इंटर्नशिप करनी होगी। अभी ऐसा निर्देश नहीं मिला है, लेकिन सीनियर सेकेंडरी स्तर पर भी टेट परीक्षा की तैयारी चल रही है। यह प्रयास एनसीटीई अपने स्तर से कर रहा है। सत्र 2016-17 से लागू होगा नया पाठय़क्रम